रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेव़ाडा जिले में सोमवार की सुबह नक्सलियों के एक पूर्व नियोजित हमले में दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए। यह हमला जिले के भेज्जी पुलिस थाने के निकट हुआ। दंतेव़ाडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस. आर. पी. कल्लूरी ने बताया, पुलिस थाने से बाहर निकलते ही नक्सलियों ने जिला पुलिस बल के दो जवानों को गोलियों से भून दिया। उन्होंने कहा कि और हमलों की संभावनाओं के मद्देनजर घटनास्थल पर सुरक्षाबलों को भेजा गया है। उनके मुताबिक लगभग दर्जन भर नक्सली अभी भी इलाके में मौजूद हैं।बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक टी. जे. लोंगकुमार ने कहा,जब यह हमला हुआ उस वक्त दोनों पुलिसकर्मी पुलिस थाने के 50 से 100 मीटर के दायरे में थे। उन्होंने उन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा जा रहा था कि जवाबी हमले में कई नक्सली भी मारे गए हैं। पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने बताया, भेज्जी पुलिस थाने के निकट केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक बटालियन तैनात है। हाल के वर्षो में यह पुलिस थाना नक्सलियों के निशाने पर रहा है। उल्लेखनीय है कि दंतेव़ाडा में गत अप्रैल महीने में नक्सलियों ने घात लगाकर किए गए एक हमले में 76 जवानों की हत्या कर दी थी।
भारत समाचार
दंतेव़ाडा में नक्सली हमले में 2 पुलिसकर्मी शहीद





















