मुम्बई। बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया निर्देशक विपुल शाह की हाल ही में प्रदर्शित फिल्म "एक्शन रिप्ले" में एक महत्वहीन भूमिका में नजर आती हैं लेकिन उनका कहना है जब उन्हें इसका प्रस्ताव मिला था तब यह किरदार इतना खराब नहीं था।
वैसे नेहा अपनी अगली फिल्म को लेकर ज्यादा उत्साहित हैं। तीस वर्षीय नेहा ने आईएएनएस से एक साक्षात्कार में कहा, ""ऎसा हो गया। हो सकता है कि जब मेरे पास प्रस्ताव आया उस समय यह भूमिका इतनी खराब नहीं थी लेकिन यह एक मेहमान भूमिका थी। विपुल मित्र हैं और मैंने उन्हीं के लिए यह भूमिका की। यह बहुत दोस्ताना मौजूदगी थी।"" पूर्व मिस इंडिया नेहा को अब उनकी अगली फिल्म "फंस गया रे ओबामा" के प्रदर्शन का इंतजार है। यह फिल्म 26 नवंबर को प्रदर्शित हो रही है। नेहा ने इसमें डकैत मुन्नी मैडम की भूमिका की है। सुभाष कपूर ने इसका निर्देशन किया है। उन्होंने कहा, ""मैंने कभी भी इस तरह की भूमिका करने की कल्पना नहीं की थी। यह केवल निर्देशक का विश्वास था। यह बहुत चुनौतिपूर्ण भूमिका थी और मुझे लगता है कि ऎसी कई अभिनेत्रियां हैं जिनमें इस तरह की भूमिका निभाने की क्षमता है। इस तरह की भूमिकाएं किसी भी अभिनेत्री को एक नया आयाम दे सकती हैं।"" नेहा ने कहा, ""कपूर चाहते थे कि मैं यह भूमिका करूं और फिर मैंने रिहर्सल शुरू कर दी। मुझे लगता है कि मैं एक बेहद शहरी ल़डकी हूं। जब मैं इस भूमिका में उतरी तो अलग तरह से सोचने लगी थी। मुझे नहीं पता कि मेरे दिमाग में क्या चल रहा था।"" "फंस गया रे ओबामा" एक हास्यप्रधान फिल्म है, जो अमेरिका में उत्पन्न वैश्विक मंदी की पृष्ठभूमि पर आधारित है। नेहा ने "क्या कूल हैं हम", "गरम मसाला", "सिंह इज किंग" और "शूटआउट एट लोखंडवाला" जैसी व्यवसायिक रूप से सफल फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने गैर-व्यवसायिक फिल्मों "दिल्ली हाइट्स", "मिथ्या" और "एक चालीस की लास्ट लोकल" जैसी फिल्मों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं की हैं।
भारत समाचार
एक्शन रिप्ले में खराब नहीं था मेरा किरदार : नेहा





















