कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

खूबसूरत ही नहीं, जहीन भी हैं ऎश्वर्या : भंसाली

मुम्बई। फिल्मकार संजय लीला भंसाली ने अभिनेत्री ऎश्वर्या राय के साथ अपनी तीसरी फिल्म "गुजारिश" बनाई है। वह कहते हैं कि उनकी पसंदीदा अदाकारा ऎश्वर्या न सिर्फ खूबसूरत हैं बल्कि बहुत जहीन भी हैं।
भंसाली ने कहा, ""ऎश्वर्या के साथ काम करना बहुत खास होता है। जब मुझे ऎसा कलाकार मिलता है जो मुझे समझ सके और मेरे बहुत कुछ कहे बिना ही जान ले कि मैं क्या चाहता हूं, तो मैं खुद को भाग्यशाली महसूस करता हूं। यह सिर्फ इतना ही है कि उस दौरान दो दिमाग एक-दूसरे से पूरी तरह सम्पर्क स्थापित कर सब कुछ समझ लेते हैं।""
भंसाली की "हम दिल दे चुके सनम" में नंदिनी की भूमिका करने के बाद से ऎश्वर्या के करियर को नई ऊंचाईयां मिली थीं। इसके बाद उन्होंने "देवदास" में पार्वती की भूमिका निभाई थी। "गुजारिश" में ऎश्वर्या ने नर्स सोफिया की भूमिका निभाई है। उनका यह किरदार भी बेहद सशक्त है।
भंसाली कहते हैं, ""वह न केवल खूबसूरत ल़डकी हैं उनके पास खूबसूरत दिमाग भी है, तेज और चिंतनशील दिमाग जो सवाल-जवाब कर सकता है। वह कोई ऎसी महिला नहीं हैं जो फिल्म के सेट पर आएं और कहें कि अब उन्हें खूबसूरत दिखने के अलावा और क्या करना है। मुझे उनकी यही बात पसंद है।""
"गुजारिश" 19 नवम्बर को प्रदर्शित होगी। ऎश्वर्या के अलावा ऋतिक रोशन ने इस फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऋतिक ने एक ऎसे जादूगर की भूमिका निभाई है जिनके एक जादू के गलत होने से उनके शरीर के निचले हिस्से को लकवा मार जाता है। भंसाली ने "खामोशी", "देवदास" और "ब्लैक" जैसी महत्वपूर्ण फिल्में बनाई हैं।
भंसाली कहते हैं कि उन्होंने अब तक जितनी भी फिल्में बनाई हैं वे सभी संतोषजनक रही हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि उनकी फिल्म "सांवरिया" उतनी सफल नहीं हो सकी लेकिन उन्हें लगता है कि यह एक दुर्लभ और खूबसूरत फिल्म थी।  

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें