चण्डीगढ। भारत दौरे पर आई आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने बोर्ड प्रेसिडेंट एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच में शनिवार को बेहतरीन शुरूआत की है। मेहमान टीम ने सलामी बल्लेबाजों शेन वाटसन और साइमन कैटिच की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत बिना कोई विकेट गवांए 109 रन बना लिए थे। चण्डीगढ़ के सेक्टर-16 स्टेडियम में आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। वाटसन और कैटिच ने इस फैसले को सही साबित किया। दोनों ने शांताकुमरान श्रीसंत के नेतृत्व वाले भारत के तेज गेंदबाजी क्रम पर जमकर प्रहार किए। स्पिनर प्रज्ञान ओझा और पीयूष चावला भी फिलहाल बेअसर साबित हुए हैं।
कैटिच 61 और वाटसन 42 रन बनाकर नाबाद हैं। यह अभ्यास मैच तीन दिनों का है। भारत के साथ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के आगाज से पहले आस्ट्रेलियाई टीम के लिए पूरी लय पा लेने का मौका है। दूसरी ओर भारतीय टीम में शामिल किए गए युवा बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा के लिए भी खुद को साबित करने का यह सुनहरा अवसर है। बोर्ड प्रेसिडेंट एकादश की कप्तानी गौतम गंभीर कर रहे हैं।
भारत समाचार
अभ्यास मैच में आस्ट्रेलिया की बेहतरीन शुरूआत





















