कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

बेंगलुरू टेस्ट: भोजनकाल तक भारत ने बनाए 224 रन

बेंगलुरू। आस्ट्रेलिया के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट श्रृंखला के दूसरे मैच के तीसरे दिन सोमवार को मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाबाद शतक और मुरली विजय के नाबाद अर्धशतक की बदौलत भारतीय टीम ने भोजनकाल तक दो विकेट पर 224 रन बना लिए थे।
सचिन 106 और विजय 73 रन बनाकर नाबाद थे। दूसरे दिन के स्कोर दो विकेट पर 128 रन से आगे खेलते हुए सचिन और विजय ने तीसरे दिन पूरी सूझबूझ के साथ पारी को आगे बढ़ाया। इस बीच सचिन और विजय ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। इसके बाद वह क्षण आया जब सचिन ने क्रिकेट की दुनिया में एक और शिखर छू लिया। सचिन ने नॉथन हॉरिट्ज की गेंद पर छक्का लगाकर शतक पूरा किया। मास्टर ब्लास्टर ने शतक लगाने के लिए 157 गेंदों का सामना किया। इसमें उन्होंने 15 चौके और दो छक्के लगाए। वैसे दूसरे दिन भारतीय टीम ने वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रवि़ड का विकेट जल्द ही खो दिया था। सहवाग 28 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हुए थे जबकि द्रवि़ड एक रन बनाकर जानसन का शिकार बने। इसके बाद सचिन ने विजय के साथ मिलकर टीम को संकट से उबारा। मास्टर ब्लास्टर ने टेस्ट मैचों में अपने 14,000 रन भी पूरे किए। यह मुकाम हासिल करने वाले वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं। श्रंखला में 0-1 से पीछे चल रही आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने पहली पारी में 478 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से मार्कस नॉर्थ ने 128 रनों की पारी खेली। मेहमान टीम की ओर से पहले दिन कप्तान रिकी पोंटिंग ने 77 और सलामी बल्लेबाज ने 57 रनों की पारी खेली थी। इनके अलावा साइमन कैटिच ने भी 43 रन बनाए थे।
भारत की ओर से हरभजन ने 148 रन खर्च करके चार और ओझा ने 120 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इनके अलावा जहीर खान और सुरेश रैना ने एक-एक विकेट लिए। इस मैच में ईशांत शर्मा के स्थान पर टीम में शामिल किए गए शांताकुमारन श्रीसंत को कोई सफलता नहीं मिली। यह मुकाबला दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला का आखिरी मैच है। मोहाली में खेले गए पहले मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को एक विकेट से हरा दिया था।  

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें