पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 45 विधानसभा क्षेत्रों में 98 लाख से ज्यादा मतदाताओं में से 53 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर कई दिग्गजोंं सहित 623 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद कर दी। इसके साथ ही राज्य के 243 विधानसभा सीटों में से 92 विधानसभा सीटों पर मतदान सम्पन्न हो गया। दूसरे चरण के चुनाव में जिन दिग्गजों के भाग्य का फैसला वोटिंग मशीनों में बंद हो गया उनमें जद (यु) के मंत्री रामनाथ ठाकुर, दिनेश प्रसाद कुशवाहा, शाहीद अली खान, वरिष्ठ नेता रमई राम, प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी राजद के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व मंत्री रामचंद्र पूर्वे, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एम$ ए$ ए$ फातमी के पुत्र फराज फातमी तथा कांग्रेस के नागमणि तथा डा. अशोक राम प्रमुख हैं। राज्य निर्वाचन विभाग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुधीर कुमार राकेश ने रविवार की शाम पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस चरण में 98,44,981 मतदाताओं में से 52$ 55 प्रतिशत मतदाताओं ने 10,312 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा पूर्वी चंपारण में 58 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि दरभंगा में 48$ 8, शिवहर में 49, मुजफ्फरपुर में 53$ 35, समस्तीपुर में 54$ 3 तथा सीतामढ़ी जिले में 51 प्रतिशत मतदाताओं ने मत डाले। उन्होंने बताया कि इस चरण के चुनाव में करीब 47,343 मतदानकर्मी लगाए गए थे जबकि 222 मतदान केन्द्रों में वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने बताया कि एक-दो मामलों को छो़डकर मतदान शांतिपूर्ण रहा।
उन्होंने बताया कि रून्नीसैदपुर से लापता तीन मतदानकर्मियों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। उनकीतलाश जारी है। राकेश के मुताबिक मतदान में व्यवधान डालने के आरोप में 132 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दरभंगा जिले में 58, मुजफ्फरपुर में 30, समस्तीपुर में 30 लोग शामिल हैं। इसके अलावे 69 वाहनों को भी जब्त किया गया। इस बीच मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान संख्या एक के पास नीतीश सरकार के लघु सिंचाई मंत्री दिनेश प्रसाद कुशवाहा के वाहन पर पथराव किया गया जिसमें मंत्री को तो कोई नुकसान नहीं हुआ परंतु उनका अंगरक्षक घायल हो गया। इस पत्थरबाजी में मंत्री का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। कुशवाहा का आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी माधवी चंद्र के पुत्र और उनके समर्थकों ने उन पर हमला किया। पुलिस के अनुसार इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक सीतामढ़ी और समस्तीपुर जिले के एक-एक तथा दरभंगा जिले के दो मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं ने विकास को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। गौरतलब है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पांच विधानसभा क्षेत्रों पारू, मीनापुर, साहेबगंज, शिवहर और बेलसंड विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से तीन बजे तक मतदान हुआ जबकि अन्य 40 क्षेत्रों में पांच बजे तक मत डाले गए। सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 116 पर संदिग्ध नक्सलियों ने आकर मतदान संबंधी कागजात जला दिए और फरार हो गए। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी$ के$ ठाकुर ने इस घटना की पुष्टि की है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने रविवार को बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा के क़डे प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा के लिए शिवहर के 96 प्रतिशत मतदान केन्द्रों पर अर्द्घसैनिक बल तैनात किया गया था। इसके अलावे करीब 85 प्रतिशत मतदान केन्द्रों पर अर्द्घसैनिक बल तैनात किए गए जबकि अन्य मतदान केन्द्रों पर अन्य सशस्त्र बल तैनात रहे। इस चरण में कुल 98,44,981 मतदाताओं के लिए 10, 312 मतदान केन्द्र बनाए गए थे। इधर, तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को जहां बांका और हिसुआ में चुनावी सभा को संबोधित किया वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री अनंत कुमार, शाहनवाज हुसैन, राजीव प्रताप रू़डी ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर भाजपा के लिए वोट मांगें। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भोरे, कुचावकोट, गोपालगंज, बैकुंठपुर सहित नौ चुनावी सभा को संबोधित किया जब जनता दल (युनाइटेड) के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई क्षेत्रों में जाकर चुनावी सभा को संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण के तहत गुरूवार को 47 सीटों पर मतदान कराया गया था, जिसमें 54 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। राज्य के 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21, 24 और 28 अक्टूबर तथा 1, 9 और 20 नवंबर को मतदान की तिथि घोषित है। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।
भारत समाचार
बिहार चुनाव : दूसरे चरण में 53 फीसदी मतदान





















