बेतिया/पटना। बिहार में चल रहे विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह है। बेतिया जिले के चनपटिया विधानसभा क्षेत्र में मतदाता बैलग़ाडी से मतदान केन्द्रों तक पहुंचे तो वहीं सारण के सोनपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने नाव के सहारे गंगा पार कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक जाने में परेशानी का सामना अवश्य करना प़डा परंतु उनके मत देने के जज्बे में कमी नहीं आई। यही कारण है कि नक्सलियों के मतदान के बहिष्कार के कारण भी मतदान के प्रतिशत में वृद्धि देखी जा रही है।
चनपटिया विधानसभा के कुमारबाग गांव से लोग मतदान केन्द्र तक बैलग़ाडी से सवारी कर मतदान करने गए। इनमें महिलाओं की संख्या काफी रही।
बैलग़ाडी पर सवार गायत्री देवी ने कहा, ""मैं विकास के नाम पर अपना मत दूंगी। आज वाहन नहीं चल रहे थे जिस कारण हमें बैलग़ाडी से मतदान केन्द्र तक जाना प़ड रहा है। "" इधर, सोनपुर विधानसभा क्षेत्र के दियारा क्षेत्र तलेहिया गांव के लोगों को गंगा नदी पार कर सबलपुर में बने मतदान केन्द्र में मत देने आना प़ड रहा है। परंतु इन मतदाताओं के उत्साह की कमी नहीं दिखी। नाव से वोट देने आई तलेहिया गांव की एक महिला मतदाता शोभा देवी ने बताया कि मत देने का उनका अधिकार है, इस कारण वह वोट देने आई हैं। शोभा ने यह भी कहा कि उनका गांव पानी में डूबा रहता है जिसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
कई जगहों पर शारीरिक रूप से अक्षम लोग भी मतदान केन्द्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे। गौरतलब है कि राज्य की 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21, 24 और 28 अक्टूबर तथा एक, नौ और 20 नवम्बर को मतदान होने हैं। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवम्बर को होगी।
भारत समाचार
बिहार चुनाव : लोकतंत्र के उत्सव में दिखी नाव और बैलग़ाडी





















