नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात में ब्लैकबेरी स्मार्टफोन से सूचनाओं के प्रसार पर प्रतिबंध लागू होने की आशंका के चलते ब्लैकबेरी बनाने वाली कंपनी रिसर्च इन मोशन (रिम) का शेयर टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज पर 3.5 प्रतिशत लुढ़क गया। ब्लैकबेरी फोन गोपनीयता के लिहाज से सबसे सुरक्षित माना जाता है लेकिन अब यूएई सरकार इससे प्रसारित होने वाले ई-मेल की विषय वस्तु को जांच के दायरे में लाना चाहती है।
इस फोन की सांकेतिक भाषा को साधारण भाषा में बदलने के लिए यूएई भारत से सहयोग लेना चाहता है। सोमवार की 1.8 प्रतिशत की गिरावट के बाद मंगलवार को रिम का शेयर 3.55 प्रतिशत गिरकर 55.15 डॉलर पर बंद हुआ। इस कनाडाई कंपनी ने पिछले साल 24 प्रतिशत का मुनाफा दर्ज किया था लेकिन पिछले साल की तुलना में इसका शेयर भाव 30 फीसदी तक लुढ़क चुका है। आर्थिक मंदी से पहले ब्लैकबेरी का शेयर 150.30 डॉलर के स्तर पर पहुंचा था लेकिन मंदी के दौरान इसने 44.23 डॉलर का निचला स्तर छुआ। ब्लैकबेरी के स्मार्ट फोन को सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए संयुक्त अरब अमीरात ने कहा है कि इस फोन के जरिए ऎसी सूचनाएं प्रसारित हो रही हैं जो यूएई के वाणिज्यिक हितों को नुकसान पहुंचा रही हैं। भारत की तरह ख़ाडी के देश भी सुरक्षा चिंताओं के चलते सूचनाओं के प्रसार पर नियंत्रण स्थापित करना चाहते हैं। यूएई के रूख के चलते रिम का प्रमुख बाजार उसके हाथ से निकल सकता है। ब्लैकबेरी के ग्राहकों में ज्यादातर उद्यमी, बहुराष्ट्रीय कंपनियों के पेशेवर कर्मचारी आदि शामिल हैं। अपने ग्राहकों द्वारा प्रसारित सूचनाओं को गुप्त रखने में सक्षम ब्लैकबेरी पर भी सेंसरशिप लागू होने की स्थिति में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी खतरे में प़ड सकती है। उत्तर अमेरिका के स्मार्ट फोन के बाजार में ब्लैकबेरी की बाजार हिस्सेदारी फिलहाल 41 प्रतिशत है, वर्ष 2009 में इसकी हिस्सेदारी 55 प्रतिशत थी।
वहीं एप्पल ने इस क्षेत्र में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 22 प्रतिशत कर ली है। भारत सरकार ने भी ब्लैक बेरी कंपनी को सुरक्षा चिंताओं को दूर करने की चेतावनी दी है। मंत्रालय ने कहा है कि यदि रिम हमारे दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करती है तो उसे भारत में इसका परिचालन बंद करने के लिए कहने के अलावा हमारे पास कोई विकल्प नहीं है।गौरतलब है कि भारत में करीब 10 लाख ग्राहक ब्लैकबेरी फोन का इस्तेमाल करते हैं। सरकार चाहती है कि कंपनी का एक सर्वर भारत में भी हो।
भारत समाचार
सुरक्षा चिंताओं को दूर करे ब्लैकबेरी





















