रांची। नक्सलियों के चंगुल से पुलिसकर्मी एहसान खान की सकुशल रिहाई की खबर आते ही उनके गांव में सोमवार को ही ईद का माहौल हो गया। ब़डी संख्या में लोग उनके यहां मुबारकबाद देने पहुंचे।
एहसान के पिता मोहिउद्दीन खान ने संवाददाताओं को बताया, ""अल्लाह की मेहरबानी है। हम लोग बहुत खुश हैं। हम सोमवार को ही ईद मनाएंगे।"" खान के परिजनों के चहरों पर छाई उदासी उस समय छंट गई जब रविवार को खबरें आने लगीं कि बंधक पुलिसकर्मियों को सोमवार सुबह छो़ड दिया जाएगा लेकिन इस खबर की पुष्टि नहीं हो पाई थी। खान का परिवार रांची से लगभग 40 किलोमीटर दूर मांडर प्रखण्ड में रहता है।
एहसान की पत्नी फरीदा खानम ने कहा, ""हम बहुत खुश हैं। मैं इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकती। हम लोग साथ मिलकर खुशी मनाएंगे और यह ईद पिछले साल से अलग होगी।"" एहसान के घर के बाहर इक्कठा सैक़डों लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गई। इस खुशी के मौके पर खान का परिवार सोमवार को रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन करेगा।
गौरतलब है कि खान उन चार बंधकों में शामिल थे जिन्हें नक्सलियों ने 29 अगस्त को बिहार के लखीसराय जिले से अगवा किया था। बाद में नक्सलियों ने एक पुलिसकर्मी लुकस टेटे की हत्या कर दी थी जिसका शव लखीसराय के जंगलों में पाया गया था।
भारत समाचार
एहसान के गांव में मना ईद का जश्न





















