पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राब़डी देवी के सरकारी आवास इन दिनों छठ के गीतों से गूंजायमान हो रहे हैं। इन दोनों स्थानों पर इस चुनावी मौसम में भी राजनीतिक दांवपेंच और जो़ड-तो़ड से इतर छठ पूजा की तैयारी चल रही है।
जनता दल (युनाइटेड) के एक नेता की मानें तो इस वर्ष एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भाभी ने छठ का व्रत रखा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास में स्थित तालाब को छठ के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया गया है, जहां भगवान भास्कर को छठ पर्व के मौके पर अध्र्य दिया जायेगा। व्रत रखने के मुख्य उद्देश्य अपने के साथ-साथ राज्य की खुशहाली को बरकरार रखना है। इधर, 10 सर्कुलर मार्ग स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राब़डी देवी का आवास भी छठ पर्व के मौके पर छठ के गीतों से गूंज रहा है। राब़डी देवी पिछले कई वर्षों से छठ पर्व करते आ रही हैं। उनके घर पर छठ पर्व का उत्सव खास होता है। दीपावली के बाद से ही उनके घर में छठ पर्व की तैयारी प्रारंभ हो जाती है। छठ पर्व के मौके पर उनके आवास पर सैक़डों कार्यकर्ता, नेता उपस्थित होते हैं। छठ पर्व की तैयारी के कारण ही दीपावली से पहले ही राब़डी देवी ने चुनाव प्रचार करना बंद कर दिया था जबकि उनके पति और पूर्व केन्द्रीय मंत्री लालू प्रसाद ने गुरूवार से अगले तीन दिनों तक अपने आप को चुनाव प्रचार कार्य से अलग रखा है। छठ पर्व के "खरना" के दिन लालू प्रसाद खुद आगंतुकों को खीर और रोटी का प्रसाद देते हैं। इन दोनों स्थानों पर नेताओं के अलावा अधिकारी भी छठ पर्व की तैयारी में लगे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि छठ पर्व बुधवार को नहाय-खाय से प्रारंभ हुआ और शनिवार को उगते सूर्य को अध्र्य देने के बाद इस पर्व का समापन होगा।
भारत समाचार
नीतीश और राब़डी के आवास पर छठ की धूम





















