नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों में स्कॉटलैंड के खिलाफ पुरूष हॉकी के एक मुकाबले में शुक्रवार को मैदान पर अनुशासनहीन व्यवहार वाले मलेशियाई टीम के खिल़ाडी फैजल सारी को दो मैचों के लिए निलम्बित कर दिया गया है।
हॉकी से जु़डे तकनीकी अधिकारी डेविड कोलिएर ने सारी के निलम्बन की कोई वजह नहीं बताई परंतु सारी ने दूसरे हॉफ में स्कॉटलैंड के गोलकीपर एलिस्टर मैकजॉर्ज के साथ धक्का-मुक्की की थी। इस मैच को मलेशिया ने 2-0 से जीता था। मैदान पर मौजूद दोनों अम्पायरों रिचमंड एटिपोए (घाना) और अलबर्टो मारकानो (त्रिनिदाद) ने संभवत: सारी की इस हरकत पर ध्यान नहीं दिया परंतु रिप्ले में इसका पता चला। मलेशियाई टीम के कोच स्टीफन वान हुजेन ने बताया, ""हमें सारी के निलम्बित होने की आशंका पहले से थी। सारी अभी 19 साल के हैं और उनमें अनुभव की कमी है। अब हम आस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को होने वाले मुकाबले पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं।""





















