नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के अध्यक्ष माइक फेनेल ने बुधवार देर रात हुई कार दुर्घटना में चोटिल हुए युगांडा के अधिकारियों से इस असुविधा के लिए माफी मांग ली है। फेनेल ने कहा कि इस घटना की जांच की जा रही है।
मुख्य मीडिया सेंटर में गुरूवार को पत्रकारों से मुखातिब फेनेल ने कहा कि यह नितांत दुखद घटना है और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की जांच जारी है। फेनेल के मुताबिक यह दुर्घटना खेल गांव में प्रवेश करते समय हुई। कार में युगांडा के दल के प्रमुख विलियम टुमविन सहित दो अन्य प्रमुख अधिकारी शामिल थे। उन्होंने ने कहा, ""कार चालक द्वारा जोर से ब्रेक लगाने के कारण टुमविन और दो अधिकारियों को हल्की चोट आई है। कार खेल गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित बैरिकेडिंग से टकरा गई थी। हम इसके लिए युगांडा के दल से माफी मांगते हैं। इस मामले की जांच की जा रही है।"" इस घटना पर विशेष जानकारी देते हुए आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट ने कहा कि कार में चालक सहित चार लोग सवार थे। सवारों को चोट लगी है। उन्हें चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई गई है। भनोट ने हालांकि यह मानने से इनकार कर दिया कि सुरक्षा की अत्यधिक चुस्त व्यवक्था के कारण यह घटना हुई है। उन्होंने कहा, ""इस घटना में ऎसा लगता है कि चालक ने सुरक्षाकर्मियों को उचित संकेत नहीं दिया। खुशी इस बात की है कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।"" कार में युगांडा के दल प्रमुख टुमविन के अलावा प्रशासनिक अधिकारी इरेन और प्रेस अधिकारी जूलियट शामिल थे। भनोट ने बताया कि प्राथमिक चिकित्सा के बाद तीनों को जीबी पंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका एमआरआई स्कैन किया गया।





















