नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए सोमवार का दिन मिलाजुला रहा। एक ओर जहां भारतीय महिलाओं ने डिस्क्स थ्रो में शानदार सफलता अर्जित करते हुए स्पर्धा के स्वर्ण, रजत, कांस्य तीनों पदकों पर कब्जा जमाया वहीं, स्टार मुक्केबाज विजेंद्र कुमार सेमीफाइनल मुकाबले में हार गए।
भारत की झोली में आज एक स्वर्ण, एक रजत और छह कांस्य पदक आए। पूनिया ने डिस्क्स थ्रो में जहां 61.51 मीटर के साथ स्वर्ण जीता, वहीं हरवंत कौर ने 60.61 मीटर के साथ रजत और सीमा अंतिल ने 58.46 मीटर की दूरी के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया। ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में इससे पहले कभी भी भारतीय खिलाç़डयों ने एक ही स्पर्धा के तीनों पदक नहीं जीते थे। उधर, मुक्केबाजी में भारतीय खिलाç़डयों ने मायूस किया। स्टार खिल़ाडी विजेंद्र कुमार को सेमीफाइनल में हार जाने से भारत को तग़डा झटका लगा। विजेंद्र कुमार को कांस्य पदक से ही संतोष करना प़डा। कुमार के अलावा अमनदीप सिंह 49 किलोग्राम के भार वर्ग, जय भगवान 60 किलोग्राम के भारवर्ग और दिलबाग सिंह 69 किलोग्राम के भार वर्ग में अपने सेमीफाइनल मुकाबले हार गए। इन तीनों मुक्केबाजों को कांस्य पदक मिला। निशानेबाजी की 50 मीटर की रायफल प्रोन स्पर्धा में निशानेबाज तेजस्वनी सावंत और मीना कुमारी ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इस स्पर्धा में स्कॉटलैंड ने स्वर्ण और इंग्लैंड ने रजत पदक जीता। जबकि, पुरूषों के स्कीट पेयर्स में भारत के मेराज अहमद खान और एलन डेनियल पांचवे स्थान पर रहे। स्वर्ण पदक साइप्रस के निशानेबाज ने जीता।
भारत को स्वर्ण पदक की टूटती उम्मीदों को बैडमिंटन से सहारा मिला। बैडमिंटन में सायना नेहवाल और अदिति मुटाटकर महिला एकल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में, जबकि चेतन आनंद और पी. कश्यप पुरूषों के एकल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। वहीं, मिश्रीत युगल मुकाबले में ज्वाला गुट्टा और वी. दाजू की जो़डी हार गई है। महिलाओं के युगल के क्वार्टर फाइनल में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पुनप्पा भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। महिला हॉकी में आस्ट्रेलिया की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। भारत पांचवें स्थान पर रहा है। पांचवें और छठे स्थान के लिए हुए मैच में उसने कनाडा को तीन-शून्य से हराया। जबकि, पुरूष हॉकी में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों का फैसला हो गया है। भारत मंगलवार को इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल खेलेगा। टेबल टेनिस में पुरूष युगल में भारत के अचंता शरत कमल और शुभाजीत साह की जो़डी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत अब तक 30 स्वर्ण, 23 रजत और 28 कांस्य पदक जीतकर दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया 62 स्वर्ण पदक जीतकर पहले स्थान पर बना हुआ है। राष्ट्रमंडल खेलों में सोमवार को डोपिंग का पहला मामला सामने आया। नाइजीरिया की एक महिला एथलीट शुरूआती परीक्षण में डोपिंग की दोषी पाई गई है। राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं की 100 मीटर स्प्रिंट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली नाइजीरियाई एथलीट ओसायेमी ओलुदामोला को डोपिंग का दोषी पाया गया है। आस्ट्रेलिया की सैली नियर्सन को अयोग्य ठहराए जाने के बाद इस एथलीट को स्वर्ण पदक मिला था। उसके बी सैम्पल की जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।
भारत समाचार
राष्ट्रमंडल खेल : भारत के लिए मिलाजुला रहा सोमवार





















