कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

राष्ट्रमंडल खेल : समापन की पूर्व संध्या पर भारत पदकों के शतक के करीब

नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों में बुधवार को चार और स्वर्ण पदक भारत की झोली में आए। तीन स्वर्ण मुक्केबाजों ने दिलाए तो एक स्वर्ण टेबल टेनिस की युगल स्पर्धा में मिला। इन चार स्वर्ण पदकों के साथ ही भारत के कुल स्वर्ण पदकों की संख्या 36 हो गई है और वह पदक तालिका में फिर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
इंग्लैंड 37 स्वर्ण पदक पाकर दूसरे स्थान पर है। उसके कुल पदकों की संख्या 136 है, जबकि भारत के पदकों की संख्या 95 हो गई है। भारत को मुक्केबाजी में तीन स्वर्ण पदक प्राप्त हुए। सुरंजॉय कुमार ने जहां फ्लाई वेट में देश को यह सफलता दिलाई वहीं लाइट वेल्टर वेट में मनोज कुमार ने भी स्वर्णिम सफलता हासिल की। सुपर हेवी वेट वर्ग में भी भारत के परमजीत समोता ने त्रिनिदाद के अब्दुल तारिक हक को पछ़ाड कर स्वर्ण हासिल कर लिया। 52 किलोग्राम वर्ग के फाइनल मुकाबले में सुरंजॉय को बिना खेले ही स्वर्ण पदक मिल गया। उनके प्रतिद्वंद्वी केन्या के बेनसन जांगिरू रिंग में उतरे ही नहीं। आयोजकों की ओर से उनके रिंग में न उतरने के कारणों का खुलासा नहीं किया गया। सुरंजय को वॉक ओवर मिला और साथ में मिला स्वर्ण पदक का तोहफा। छोटे टायसन के नाम से मसहूर 24 वर्षीय सुरंजॉय मणिपुर प्रांत से हैं। इससे पहले मार्च में हुई राष्ट्रमंडल मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। दिन का दूसरा मुकाबला भारत के मनोज कुमार और इंग्लैंड के ब्रैडले सांडर्स के बीच हुआ। इस मुकाबले में मनोज, सांडर्स पर पूरी तरह हावी रहे और वह मुकाबला 11-2 से जीत गए। मनोज ने पहले दौर में 4-1 की बढ़त बनाई थी, जबकि दूसरे दौर में उन्होंने इस बढ़त को 8-1 कर लिया। तीसरे दौर में मनोज तीन अंक जुटाने में सफल रहे जबकि सांडर्स को एक अंक मिला। इस तरह मनोज ने शानदार जीत के साथ देश को दिन का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। मनोज कुमार हरियाणा के हैं और राष्ट्रमंडल खेलों में उनका अब तक का प्रदर्शन अप्रत्याशित रहा है। यहीं पर 91 प्लस किलोग्राम वर्ग में परमजीत समोता ने अब्दुल तारिक हक को 5-1 से पराजित कर तीसरा स्वर्ण भारत की झोली में डाला। इससे पहले, भारत के शरत कमल और शुभोजीत साहा की जो़डी ने टेबल टेनिस के युगल मुकाबले में स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में भारतीय जो़डी ने सिंगापुर के गाओ निंग व यांग जी की जो़डी को 3-2 से हराया। एकल मुकाबले में रजत पदक हासिल करने वाले शरत ने अपने साझीदार के साथ मिलकर सिंगापुर की जो़डी को 9-11, 12-10, 11-4, 5-11, 11-8 से हराया। शरत और साहा की जो़डी ने सेमीफाइल में इंग्लैंड के लिएम पिचफोर्ड और एंड्रयू बैग्गले को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। उधर, निशानेबाजी में भारत को कुछ खास सफलता नहीं मिली। महिला निशानेबाज हिना सिद्धू ने 10 मीटर एयर पिस्टल की एकल स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। हिना ने मंगलवार को अनु राज सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल की युगल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था। 25 मीटर स्टैंटडर्ड पिस्टल स्पर्धा में समरेश जंग ने कांस्य पदक हासिल किया तो 50 मीटर रायफल की प्रॉन स्पर्धा में गगन नारंग ने निराश किया। राष्ट्रमंडल खेलों के समापन से एक दिन पहले भारत की एथलीट रानी यादव का नाम डोपिंग में सामने आया। इससे पहले नाइजीरिया के दो एथलीट डोपिंग के दोषी पाए गए थे। राष्ट्रमंडल खेल संघ (सीजीएफ) के अध्यक्ष माइक फेनेल ने नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में रानी का नाम लिए बगैर डोपिंग के नए मामले की पुष्टि की। बाद में सीजीएफ की ओर से रानी के नाम की पुष्टि हुई। 20 वर्षीय रानी ने शनिवार को 20 किलोमीटर की पैदल चाल स्पर्धा में हिस्सा लिया था हालांकि वह छठे स्थान पर रहीं थीं। फेनेल कहा, ""यह हमारे लिए अफसोस की बात है कि एक और एथलीट का डोप टेस्ट सकारात्मक रहा है। हमने मंगलवार तक 1,300 एथलीटों के नमूने लिए थे और उनमें से यह तीसरा मामला है।"" उन्होंने कहा, ""नियमों की वजह से मैं अभी इस एथलीट का नाम नहीं बता सकता। इस बारे में शाम को जानकारी दी जाएगी। इतना बता सकता हूं कि यह खिल़ाडी एथेलेटिक्स का है और वह भारत का है।"" इससे पहले नाइजीरिया के दो एथलीट 100 मीटर स्पर्धा की चैम्पियन ओलुदामोला ओसायोगी और 110 मीटर की स्पर्धा के धावक सैमुयल ओकोन डोपिंग के दोषी पाए थे। इन दोनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें