नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों के भारतीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख भुवनेश्वर कालिता ने गुरूवार को बताया कि बीजिंग ओलम्पिक में निशानेबाजी का स्वर्ण जीतने वाले अभिनव बिंद्रा और मुक्केबाजी का कांस्य जीतने वाले विजेंदर सिंह सहित कई प्रमुख भारतीय खिल़ाडी खेल गांव पहुंच गए हैं। बिंद्रा और विजेंदर के अलावा निशानेबाज समरेश जंग, मुक्केबाज अखिल कुमार, स्क्वॉश खिल़ाडी जोशना चिनप्पा, प्रमुख तीरंदाज डोला बनर्जी और जयंत तालुकदार भी खेल गांव पहुंच चुके हैं।
कालिता ने बताया कि खेल गांव में खिलाडियों के ठहरने का शानदार प्रबंध किया गया है और किसी खिल़ाडी को कोई दिक्कत नहीं है। बकौल कालिता, ""भारतीय खिलाडियों के लिए तीन इमारतों में 640 बिस्तर आरक्षित हैं। हर कमरे में दो खिल़ाडी ठहर सकेंगे। कमरे वाताकुनूलित हैं और इनमें वाशिंग मशीन तथा फ्रिज लगाए गए हैं।"" कालिता ने बताया कि खेल गांव में खिलाडियों का आना आठ अक्टूबर तक चलता रहेगा। उन्होंने कहा, ""हमने खिलाडियों के खेल गांव पहुंचने की तारीख आठ अक्टूबर तक बढ़ा दी है। स्पर्धाओं की तारीख के अनुसार खिल़ाडी यहां पहुंचेंगे।""





















