नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयार खेल गांव सज चुका है। गुरूवार तक यहां लगभग 5500 मेहमान खिल़ाडी पहुंच चुके हैं और सभी ने खेल गांव की जमकर तारीफ की है लेकिन इसके बावजूद तैयारियों में अनियमितता के सवाल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी का पीछा नहीं छो़ड रहे हैं।
आयोजन समिति के सदस्यों और खुद पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से जु़डे सवालों से घिरे कलमाडी ने गुरूवार को कहा कि वे खेलों के बाद भी किसी स्तर की जांच के लिए तैयार हैं क्योंकि उनका मानना है कि सच सामने आना चाहिए। कलमाडी ने गुरूवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज में आयोजित एक सम्मेलन में कहा, ""खेलों के बाद भी मैं किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हूं। मेरा मानना है कि सच को सामने लाने के लिए जांच होनी ही चाहिए।"" खेल गांव की व्यवस्था को मिल रही तारीफ से खुश कलमाडी ने कहा कि उनका शुरू से प्रयास रहा है कि खेलों के लिए हर तैयारी विश्वस्तरीय हो। कलमाडी ने खुद बुधवार को खेल गांव का दौरा किया था। बकौल कलमाडी, ""हमने खेलों के लिए हर स्तर पर विश्वस्तरीय तैयारी की है। खेल गांव अब तक के सभी खेल गावों से श्रेष्ठ है। अब तक जितने भी खिल़ाडी भारत पहुंचे हैं, सभी खेल गांव में ही रह रहे हैं। सभी ने हमारे इस प्रयास की तारीफ की है।"" 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों में 71 देशौं के 7000 खिल़ाडी और अधिकारी हिस्सा लेंगे। 1982 के बाद देश में होने वाला यह अब तक का सबसे ब़डा खेल आयोजन है।





















