रांची, 7 सितंबर। झारखंड में जल्द चुनाव कराने की मांग को लेकर भाजपा के 21 विधायकों ने रविवार को अपना इस्तीफा पार्टी के प्रदेश अघ्यक्ष रघुवर दास को सौप दिया। विधानसभा अघ्यक्ष के नाम लिखे विधायकों के इस्तीफे को लेकर दास सोमवार को दिल्ली जा रहे है। वो पार्टी के संसदीय बोर्ड के बैठक में विधायकों का इस्तीफा रखेंगे। दास ने अनुसार आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद इन इस्तीफों को विधानसभा अघ्यक्ष को सौंप दिया जाएगा। भाजपा विधायक दल की रविवार को हुई बैठक में विघायकों ने सामूहिक इस्तीफा सौंपा। बैठक में विघायकों ने आम राय से यह बात कही कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस्तीफा दे रहे है। विधायकों की इस बैठक में केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। प्रदेश अघ्यक्ष रघुवर दास के अनुसार गृहमंत्री पी चिदंबरम् ने संसद में बयान दिया था कि मानसून के बाद झारखंड में चुनाव कराए जाएंगे परंतु अब तीन राज्यों के साथ यहां चुनाव नहीं कराना कांग्रेस और यूपीए सरकार की कुसंगति मंशा की ओर ही इशारा करता है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस चुनाव से डर रही है यही कारण है कि चुनाव को टालने का हरसंभव प्रयास कर रही है। पार्टी के 21 विधायकों के अलावा विधानसभा द्वारा निलंबित विघायक रविद्र राव कुंती सिंह ने भी बैठक में भाग लिया। रघुवर दास ने यह भी कहा कि मनोनीत विधायक जे पी गालस्टीन भी भाजपा विधायकों के साथ इस्तीफा प्रस्तुत करेंगे।