नई दिल्ली। अखिल भारतीय अन्ना द्रमुक (एआईएडीएमके) प्रमुख जयललिता के ऑफर को कांग्रेस ने ठुकरा दिया है। जयललिता ने केंद्र की संप्रग सरकार को समर्थन की पेशकश करते हुए कहा था कि कांग्रेस घोटालों में घिरे केंद्रीय मंत्री ए. राजा को हटाए तो वह डीएमके के बदले समर्थन देकर सरकार को गिरने से बचा लेगी।
जयललिता के इस ऑफर पर एक चैनल से बातचीत में केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि तमिलनाडु में कोई वैकेंसी नहीं है। वहां कांग्रेस और डीएमके में गठबंधन है इसलिए जयललिता की पार्टी के लिए कोई जगह नहीं है। दूसरी ओर पार्टी महासचिव और पार्टी प्रवक्ता जनार्दन दि्ववेदी ने इस बारे में पूछे जाने पर साफ कुछ भी नहीं कहा। बार-बार पूछे जाने पर भी उन्होंने यही कहा कि जब तक उस प्रस्ताव को देख नहीं लेते तब तक वह उस बारे में कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
भारत समाचार
कांग्रेस ने जयललिता का ऑफर ठुकराया, कहा- नो वैकेंसी





















