नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने बुधवार को कहा कि दो दिनों के भीतर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम परिसर में हुई दो दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं लेकिन इनके कारण तीन अक्टूबर से होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन पर कोई संकट नहीं आया है।
शीला ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्वीकार किया कि आयोजन को लेकर दिक्कतें पेश आ रही हैं लेकिन इन्हें खेलों के रद्द होने की आशंका से जो़डकर नहीं देखा जाना चाहिए। बकौल शीला, ""मैं आपको बताना चाहती हूं कि ये छोटी-मोटी घटनाएं हैं। इनसे हमारा मकसद प्रभावित नहीं होगा। मैं आपकी इस बात से बिल्कुल सहमत नहीं हूं कि स्टेडियम का फुटओवर ब्रिज गिरने और फॉल्स सीलिंग गिरने से राष्ट्रमंडल खेल रद्द कर दिए जाएंगे।"" यह पूछे जाने पर कि आखिर क्या कारण है कि तमाम खामियों के बावजूद वह इस तरहं के दावे कर रही हैं, शीला ने कहा, ""यह राष्ट्रीय गौरव का मुद्दा है। यह पूरे देश का आयोजन है। हम अपनी सभी खामियों की चर्चा करेंगे और उन्हें सुधारेंगे। यह आयोजन हमारे लिए एक बेहतरीन मौका लेकर आया है, ऎसे में सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है।""




















