नई दिल्ली। दिल्ली में 19वें राष्ट्रमंडल खेलों को लेकर जहां तैयारियां जोरों पर है वहीं नगर निगम के अधिकारी डेंगू से निपटने में लगे हुए हैं।
दिल्ली नगर निगम के अनुसार मच्छरजनित बीमारी की चपेट में आने की वजह से अभी तक पांच लोगों की जान जा चुकी है। राजधानी में डेंगू के मामलों की संख्या 2,536 तक पहुंच गई है। दिल्ली नगर निगम को आशंका है कि इस साल डेंगू के मामले वर्ष 2006 के आंक़डे 3,366 को पार कर जाएंगे। छि़डकाव से जु़डे नियमित अभियान के बावजूद भी राजधानी में डेंगू के रोजाना 70 नए मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली नगर निगम द्वारा बताए जा रहे डेंगू मामलों की संख्या के उलट निजी अस्पतालों और लैबोरेटरीज से मिल रहे आंक़डे एक विरोधाभासी तस्वीर पेश करते हैं। मूलचंद अस्पताल में डेंगू के तकरीबन 10 से 15 मामले रोजना सामने आ रहे हैं। इस साल यहां 350 से अधिक मरीजों का इलाज हो चुका है। वहीं इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में अगस्त से अभी तक 120 से ज्यादा मच्छरजनित बीमारी से पीडित मरीजों का इलाज हो चुका है। अपोलो अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया, ""हमने ऎसे मरीज भर्ती किए हैं, जिनमें बुखार के कारण प्लेटलेट की कमी हो गई है। उन्हें डेंगू की शुरूआती अवस्था में इलाज दिया गया है।""





















