नई दिल्ली। देश के विभिन्न हिस्सों के बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित होने के कारण सरकार ने मंगलवार को आयकर दाताओं को 15 दिन की मोहलत देते हुए आयकर रिटर्न भरने की तारीख 15 दिन बढ़ा दी।
वित्त वर्ष 2009-10 के लिए आयकर रिटर्न भरने की तारीख पूर्व निर्धारित 30 सितम्बर से बढ़ाकर 15 अक्टूबर कर दी गई है। एक आधिकारिक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी गई है। वक्तव्य के मुताबिक बाढ़ के कारण सामान्य जन-जीवन प्रभावित होने की वजह से आयकर रिटर्न भरने करने की निर्धारित तारीख बढ़ा दी गई है। पिछले सप्ताह केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने जम्मू एवं कश्मीर में कानून-व्यवस्था की बिग़डी हालत को देखते हुए वहां आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तारीख बढ़कर 30 नवम्बर कर दी थी। जम्मू एवं कश्मीर में आयकर रिटर्न भरने की तारीख 30 नवम्बर ही रहेगी।





















