पंचकुला (हरियाणा)। पंजाब में हत्या के प्रयास के मामले में पिछले एक साल से वांछित एक चिकित्सक को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि लुधियाना में एक चिकित्सा केन्द्र चलाने वाला सुमित सोफत अगस्त 2009 से वांछित था। चण्डीगढ़ में हरियाणा एवं पंजाब उच्च न्यायालय ने उसकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी जंगशेर सिंह ने आईएएनएस को बताया, ""हमें शुक्रवार शाम खुफिया जानकारी मिली कि सोफत चण्डीगढ़ के सेक्टर-22 में स्थित एक होटल में किसी से मुलाकात करने आया है। हमने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब उसे अदालत में पेश किया जाएगा।"" हरियाणा पुलिस सोफत को पंचकुला लाई है। सोफत पर जुलाई 2009 में रमेश पधान और उसके दो बेटों विनायक और अभिनव व उसके चालक नेल्सन पर मोर्नी हिल्स के समीप जानलेवा हमला करने का आरोप है। सिंह ने बताया, ""सोफत ने पधान और उनके दोनों बेटे के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था।
इस हमले में नेल्सन के सीने में दो गोलियां लगी थीं। इसके अलावा सोफत ने पधान पर उसके कार से 33 लाख रूपये चुराने का भी आरोप लगाया था।"" अधिकारी ने बताया, ""छानबीन के दौरान हमें पता चला कि सोफत ने झूठा मामला दर्ज कराया था और पारिवारिक विवाद के चलते वह पधान के परिवार को फंसाना चाहता था। वास्तव में उसने खुद ही अपने चालक के ऊपर गोली चलाई थी।"" इसके बाद पधान की शिकायत पर सोफत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार सोफत के खिलाफ पंजाब, हरियाणा और उत्तराखण्ड में करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं।





















