कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

पहलवानों ने कहा, हम बेकसूर है

नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती टीम के डोपिंग में दोषी पाए गए पहलवानों ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि उन्होंने ऎसा कोई काम नहीं किया है जिससे उन्हें शर्मिदा होना पडे और वे इसके खिलाफ अपील करेंगे। ओलंपियन और चार दिल पहले अर्जुन पुस्कार ग्रहण करने वाले राजीव तोमर ने कहा कि जब सोनीपत में मेरा टेस्ट लिया जा रहा था उस समय ही मैने डॉक्टर से कह दिया था कि मुझे खांसी और जुकाम से संक्रमण हुआ है और मैने दवाई खाई हुई है। दवाइयों की पर्ची मेरे पास है। मैने ऎसा कुछ भी नहीं किया है जिससे मुझे शर्मिदा होना पडे।
राष्ट्रमंडल कुश्ती प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता तोमर ने कहा कि नाडा मेरा दोबारा टेस्ट कर सकता है। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। तोमर के कोच द्रोणाचार्य पुस्कार विजेता महासिंह राव ने कहा, हम नाडा से अपील करेंगे और बी नमूने से जांच के लिए मांग करने जा रहे है।
डोपिंग जांच में दोषी पाए गए एक अन्य पहलवान सुमित ने कहा कि मैने किसी प्रकार का स्टेराइड का सेवन नहीं किया है। मुझे चोट लगी थी मैने टीम के डॉक्टर की जानकारी में दवाई ली थी। उन्होंने कहा कि मेरा दोबारा डोप टेस्ट कराया जाए। मैं बेकसूर हूं। मैने कुछ भी गलत नहीं किया है। भारतीय कुश्ती महासंघ ने बयान जारी करके कहा कि एक महिला सहित चार पहलवानों को डोपिंग का दोषी पाया गया है जिसके बाद इन चारों को निलंबित किया गया है। तोमर और सुमित के अलावा दोषी पाए गए पहलवानों में मौसम खत्री और महिला पहलवान गुरशरणप्रीत कौर शामिल है।

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें