श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर में गत 30 अगस्त को सुरक्षाबलों की गोलीबारी में घायल हुए यासिर हामिद शेख की बुधवार देर रात नई दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई। इसके साथ ही घाटी में गत 11 जून से जारी हिंसा के ताजा दौर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 90 हो गई।
हामिद जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख यासीन मलिक का रिश्ते का भाई था। यासिर गत 30 अगस्त को मैसूमा इलाके में स़डक के किनारे बैठकर अपने मित्रों के साथ कैरम खेल रहा था, उसी समय सुरक्षाबलों की कथित गोलीबारी में उसे गोली लग गई थी। नई दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार रात शेख की मौत हो गई। शेख के परिवार के एक सदस्य ने बताया, ""विशेष इलाज के लिए शेख को नई दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।"" पुलिस के मुताबिक इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।





















