मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन को मुंबईवासी होने पर गर्व है। उन्होंने प्रस्तावित मेट्रो पर अपने रूख को स्पष्ट करते हुए मीडिया को लिखे एक पत्र में जोर देकर कहा है कि वह शहर में होने वाले परिवर्तनों का स्वागत करते हैं।
उन्होंने बुधवार को अपने पत्र में कहा, ""इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया में कुछ जगहों पर मैंने अपने ब्लॉग पर जो कुछ लिखा है उसे गलत समझा गया और मैं इस संबंध में स्पष्टीकरण देना चाहता हूं। मुंबई ऎसा शहर है जिसने मुझे और मेरे परिवार को पहचान और सम्मान देने के अलावा हमें अपने दिलों में जगह दी है। मैं और मेरा परिवार कभी भी किसी भी बिंदु पर मुंबईवासियों या इस शहर के बेहतर भविष्य के लिए होने वाले विकास कार्यो की उपेक्षा नहीं कर सकते।"" अमिताभ कहते हैं कि उनके ब्लॉग पर मेट्रो के लिए स्पष्ट रूप से सामान्य खुशी व्यक्त की गई थी।
उन्होंने कहा, ""मेरा ब्लॉग पढ़ने वाले सभी लोगों से मेरा अनुरोध है कि वे पूरी बात पढ़ें न कि कुछ शब्दों को पक़डकर उनसे कृत्रिम कहानियां गढ़ें। मुझे एक मुंबईवासी होने पर गर्व है और हम शहर में जो बदलाव देख रहे हैं, मैं उनका स्वागत करता हूं।"" अमिताभ के अपने ब्लॉग पर प्रस्तावित मेट्रो के प्रति उनका दृष्टिकोण पेश करने के बाद विवाद शुरू हो गया था। उन्होंने ब्लॉग पर मेट्रो की शुरूआत के प्रति प्रसन्नता जताते हुए यह भी लिखा था कि इससे उनके जुहू स्थित आवास "प्रतीक्षा" की निजता में खलल प़डेगा। गौरतलब है कि प्रस्तावित मेट्रो जुहू से होकर गुजरेगी और वहां स्थित मकानों के इससे प्रभावित होने की आशंका है। अधिकारियों ने इस वजह से अमिताभ के आवास सहित अन्य मकानों का वहां निरीक्षण किया था।





















