मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष शशांक मनोहर ने सोमवार को स्वीकार किया कि बीसीसीआई मुख्यालय से कुछ जरूरी दस्तावेज गायब हो गए हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की गवर्निंग काउंसिल की चिरप्रतीक्षित बैठक की समाप्ति बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए मनोहर ने कहा कि आयकर विभाग लगातार इन्हीं दस्तावेजों की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा, ""हमें इस बात की जानकारी है कि मुख्यालय से कुछ जरूरी दस्तावेज गायब हो गए हैं। इन दस्तावेजों के बारे में पता लगाने का काम मुख्य परिचालन अधिकारी रत्नाकर शेट्टी को सौंपा गया है। आयकर विभाग हमसे लगातार इन दस्तावेजों की मांग कर रहा है लेकिन हम उन्हें ये दस्तावेज मुहैया नहीं करा पा रहे हैं। इस संबंध में शेट्टी हमें बताएंगे कि आखिर ये दस्तावेज गए कहांक्""
मनोहर ने बताया कि गवर्निग काउंसिल ने आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी पर कुल 22 आरोप तय किए हैं। बैठक में गैरमौजूद रहे मोदी को अपना जवाब देने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। मनोहर के मुताबिक आईपीएल के दैनिक कार्यो की देखरेख की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष चिरायू अमीन को सौंपी गई है। वह अंतरिम प्रमुख के तौर पर काम करेंगे। इस संबंध में मनोहर ने कहा कि काउंसिल नहीं चाहती कि आईपीएल के काम में किसी प्रकार की रूकावट आए। यही कारण है कि उसने साफ छवि वाले अमीन को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
मनोहर की अध्यक्षता में हुई बैठक में मोदी पर लगाए गए आरोपों में वित्तीय अनिय्मितताओं से लेकर फ्रेंचाइजी की बोली और प्रसारण अधिकार से जु़डे समझौते में हेरा-फेरी की बात शामिल है। इन मामलों में बीसीसीआई की ओर से 34 पृष्ठों का एक आरोप पत्र दिया गया। बैठक में काउंसिल के 13 सदस्य (मोदी के अलावा) शामिल हुए। इसमें आईसीसी के विशेष सलाहकार आई. एस. बिंद्रा, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष एम.पी. पांडोव, उपाध्यक्ष चिरायु अमीन, मीडिया प्रभारी राजीव शुक्ला, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अरूण जेटली, संयुक्त सचिव संजय जगदाले, सचिव एन. श्रीनिवासन, जम्मू एवं कश्मीर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, आईपीएल के उपाध्यक्ष निरंजन शाह और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रवि शास्त्री, सुनील गावस्कर एवं मंसूर अली खान पटौदी शामिल हुए।
मनोहर ने कहा कि आईपीएल हमारी धरोहर है और इसे किसी प्रकार की बदनामी या अनियमितता से बचाना हमारा कर्तव्य है। हम इसकी सफलता पर किसी प्रकार की आंच नहीं आने देंगे।"" उल्लेखनीय है कि रविवार देर रात आईपीएल खिताबी मुकाबले के बाद मोदी को आईपीएल के चैयरमैन और कमिश्Aर पद से निलंबित कर दिया गया। शशांक मनोहर ने ईमेल के जरिए भेजे गए संदेश के माध्यम से निलंबन के साथ ही मोदी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।





















