नई दिल्ली। योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने कहा कि मौजूदा पंचवर्षीय योजना में विकास दर लक्ष्य से कम रहने के बावजूद 12वीं पंचवर्षीय (वर्ष 2012-17) योजना में विकास दर का लक्ष्य करीब 10 प्रतिशत रखा जाएगा।
अहलूवालिया ने कहा, ""12वीं पंचवर्षीय योजना के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में वृद्धि का वार्षिक लक्ष्य 9 से 10 प्रतिशत के करीब रखा जाएगा। मुझे लगता है कि 10 प्रतिशत का लक्ष्य बिल्कुल व्यवहार्य है।"" उन्होंने कहा कि मौजूदा पंचवर्षीय योजना में विकास दर 8.1 प्रतिशत रहने के आसार हैं। मौजूदा पंचवर्षीय योजना (2007-12) के लिए विकास दर का लक्ष्य नौ प्रतिशत रखा गया था। योजना के पहले तीन साल में विकास दर लक्ष्य से कम रही है। अहलूवालिया ने कहा, ""वैश्विक आर्थिक संकट के चलते हम 11वीं पंचवर्षीय योजना का लक्ष्य पूरा करने में सक्षम नहीं रहे। मेरा मानना है कि मौजूदा पंचवर्षीय योजना में प्राप्त की गई 8.1 प्रतिशत की विकास दर काफी बेहतर हैं।""
सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार कौशिक बसु ने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष में देश की विकास दर 8.5 प्रतिशत से ज्यादा रहने की संभावना है। उन्होंने कहा, ""मुझे उम्मीद है कि पहली तिमाही की तुलना में दूसरी और तीसरी तिमाही में अर्थव्यवस्था की स्थिति बेहतर रहेगी। हम 8.5 प्रतिशत की विकास दर को पार कर जाएंगे।""





















