लखनऊ। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तुलना प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट स्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) से करने को उनकी चाची एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मेनका गांधी ने उनका बचपना बताया है। मेनका गांधी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र (आंवला) में बाढ़ पीडितों के मुआवजे को लेकर बरेली के जिलाधिकारी से मिलने आई थीं। संवाददाताओं ने जब मेनका से राहुल के बयान के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा,""आप मानें या न मानें...जब भी देश पर कोई आफत आती है तो सबसे पहले आरएसएस के लोग वहां पहुंचते हैं। वे देशभक्ति में आगे रहते हैं और बहुत मजबूती से देश की एकता और अखंडता के बारे में बोलते हैं। ऎसे में आरएसएस की सिमी से तुलना तो केवल वही कर सकता है, जिसमें अब भी बचपना हो।"" उल्लेखनीय है कि भोपाल में पिछले दिनों एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस महासिचव राहुल गांधी ने आरएसएस की तुलना सिमी से की थी।
भारत समाचार
आरएसएस पर राहुल का बयान बचपना : मेनका





















