रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेव़ाडा जिले में नक्सलियों ने धारदार हथियार से हमला कर दो पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। दंतेवाडा जिले के पुलिस अधिकारयों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के सुकमा थाना इलाके के अंतर्गत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के केरलापाल शिविर के करीब साप्ताहिक बाजार में नक्सलियों ने धारदार हथियार से हमला कर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के हवलदार अशोक कुमार और जिला पुलिस बल के जवान अनिल कुमार टंडन को घायल कर दिया तथा फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि केरलापाल में सीआरपीएफ के 201 वी बटालियन की बी कंपनी तैनात है। आज शिविर से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार में अशोक कुमार और अनिल सामान खरीद रहे थे। इस दौरान वहां हथियार बंद नक्सलियों ने धारदार हथियार से दोनों पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों पुलिसकर्मियों गंभीर रूप से घायल हो गए। नक्सली हमले के बाद बाजार में अफरा तफरी मच गई और लोग वहां से भाग गए।





















