नई दिल्ली। मई माह में देश के वाणिज्यिक उत्पादों का निर्यात पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 35 प्रतिशत बढ़कर 16.14 अरब डॉलर का हो गया । पिछले साल इस महीने में देश का निर्यात 11.9 अरब डॉलर था। केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंक़डों के मुताबिक पिछले साल के मई माह के मुकाबले देश का आयात 38.5 प्रतिशत बढ़कर 27.4 अरब डॉलर हो गया है।
अप्रैल-मई माह के दौरान देश का कुल व्यापार घाटा 21.7 अरब डॉलर का हो गया है जबकि पिछले साल के इन्ही महीनों में यह 14.5 अरब डॉलर था। अप्रैल-मई 2010 के दौरान देश का निर्यात पिछले साल के इन्हीं महीनों के मुकाबले 35.7 प्रतिशत बढ़कर 33 अरब डॉलर हो गया वहीं इसी दौरान देश का आयात 40.9 प्रतिशत बढ़कर 54.7 अरब डॉलर हो गया है। मई माह में देश के तेल उत्पादों का आयात पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 66.7 प्रतिशत बढ़कर 8.8 अरब डॉलर का हो गया है, पिछले साल इस महीने में 5.3 अरब डॉलर के तेल उत्पादों का आयात हुआ था। इसी महीने में गैर तेल उत्पादों के आयात में 32.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है यह बढ़कर 18.6 अरब डॉलर का हो गया।
सरकार को इस साल निर्यात में 15 प्रतिशत की दर से बढ़ोतरी की उम्मीद है। पिछले साल आर्थिक मंदी के चलते देश के निर्यात में 4.7 प्रतिशत की कमी आई थी। अप्रैल-मई माह में कुल निर्यात 54.7 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचने से इस दौरान देश का व्यापार घाटा बढ़कर 21 अरब डॉलर हो गया है।
भारत समाचार
मई में में निर्यात 35 प्रतिशत की वृद्धि





















