नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान हजारों पर्यटकों के राजधानी दिल्ली में आने के कारण दिल्ली मेट्रो की ट्रेनों में भीडभाड की संभावना है, इसलिए दिल्ली मेट्रो 2.5 मिनट के अंतराल पर 181 ट्रेनें चलाएगा और इन ट्रेनों के संचालन में कोई व्यवधान न आए यह सुनिश्चित करने के लिए जर्मनी और दक्षिण कोरिया के इंजीनियर लगाए जाएंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर ई. श्रीधरन ने कहा, 30 सितंबर से पहले सेंट्रल सेके्रेटेरियट से बदरपुर लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। गेम्स के दौरान यह कनेक्टिविटी अहम होगी।
सेंट्रल सेके्रटेरियट-बदरपुर लाइन पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम है, जहां गेम्स की ओपनिंग और क्लोजिंग सेरेमनी होनी है। श्रीधरन ने कहा, हम चाहते है कि दिल्ली आने वाले प्रत्येक पर्यटक मेट्रो की सवारी करे और एक सुखद अनुभव के साथ लौटे। खेलों के दौरान यात्रियों की भारी संख्या के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के बेडे की सभी 181 ट्रेने लगाई जाएंगी। इनमें 133 ब्राड गेज और 48 स्टैंडर्ड गेज की ट्रेने शामिल है। ये ट्रेने ढाई मिनट के अंतराल पर चलेगी। श्रीधरन ने छह कोच वाली मेट्रो के बारे में कहा, कोच के लिए ऑर्डर दिए जा चुके है और इनके अक्टूबर तक आने की उम्मीद है। ट्रायल के बाद इन्हें मौजूदा ट्रेनों से जोड दिया जाएगा। छह कोच की पहली ट्रेन नवंबर के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।
भारत समाचार
हर 2.5 मिनट के अंतराल में मेट्रो





















