नई दिल्ली। केन्द्रीय खेल मंत्री एमएस गिल ने मंगलवार को कहा कि डोपिंग के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा क्योकि हम राष्ट्रमंडल खेलों में पदक तो चाहते हैं लेकिन सम्मान के साथ। गिल ने यह बात युवा और खेल मामलों के प्रांतीय मंत्रियों सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा, खिलाडियों को हम यहीं संदेश देना चाहते है कि हम सम्मान के साथ पदक जीतना चाहते है। हमे उम्मीद है कि यह मामला जल्दी निपट जाएगा और दोषियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। गिल ने खेल महासंघ से भी अपने खिलाडियों को इस मामले में शिक्षित करने की ताकीद की। उन्होेने कहा कि खेल मंत्रालय तो प्रयास करेगा ही लेकिन खेल महासंघ को भी चाहिए कि वे अपने खिलाडियों को जागरूक बनाए ताकि ऎसी घटनाएं फिर ना हो। राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के बारे में गिल ने कहा कि राजधानी में लगातार हो रही बारिश से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पर होने वाले उद्घाटन और समापन समारोह की तैयारियों पर असर पडा है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश चिंता का विषय है।





















