मुंबई। सांप्रदायिक दंगों पर आधारित एक फिल्म के निर्देशन के साथ अभिनेत्री से निर्देशिका बनीं नंदिता दास अब मानव तस्करी पर आधारित एक फिल्म का निर्देशन करने जा रही हैं। गुजरात की पृष्ठभूमि पर बनी उनकी फिल्म "फिराक" 2002 की हिंसा के बाद के लोगों के जीवन पर एक नजर डालती है। इस बार वह अंतर्राष्ट्रीय फिल्म "ट्रैफिकिंग" बना रही हैं।
सिद्धार्थ कारा की लिखी यह फिल्म भारत, नाइजीरिया और यूक्रेन की तीन महिला यौनकर्मियों की कहानी बयां करती है। जब इस फिल्म के निर्माताओं इटली के "फस्र्ट सन पिक्चर्स" की लूसा ग्वाडाग्निनो और एलिजाबेथ स्टनेले ने नंदिता की "फिराक" देखी तो उन्हें लगा कि "ट्रैफिकिंग" के निर्देशन के लिए वह एकदम सही व्यक्ति हैं। नंदिता हाल ही में 11 अगस्त को मां बनी हैं। बेटे विहान की परवरिश की व्यस्तताओं के बावजूद उनमें अपनी नई फिल्म को लेकर उत्साह में बिल्कुल भी कमी नहीं है। वह कहती हैं, ""निर्माताओं ने पिछले साल के अंत में मुझसे संपर्क किया था और तब से हमारे बीच गंभीर बातचीत चल रही है। मैंने इस साल की शुरूआत में लंदन में सिद्धार्थ कारा से मुलाकात की थी और उन्हें पटकथा के बारे में अपने विचार भी बताए थे। निर्माताओं को पता है कि मेरे जीवन में विहान है और वे इसके प्रति संवेदनशील हैं।""
नंदिता ने उद्योगपति सुबोध मस्कारा से विवाह किया है। नंदिता को फिल्म की शूटिंग की जल्दी नहीं है। वह कहती हैं, ""फिल्म की निर्माण से पहले की तैयारियां अगले साल मार्च के बाद ही शुरू होंगी और शूटिंग तभी शुरू होगी जब मैं पूरी तरह से महसूस करूंगी कि अब मैं ऎसा कर सकती हूं। मेरे लिए मां होने के नाते यह नया है, मैं एक समय में एक ही काम करना चाहती हूं।"" नंदिता ने "बवंडर", "कमली" और "आमार भुवन" जैसी महत्वपूर्ण फिल्मों में अभिनय किया है।
भारत समाचार
मानव तस्करी पर आधारित फिल्म का निर्देशन करेंगी नंदिता





















