गडकरी के एजेंडे में फिर राम मंदिर, मुसलमानों का मांगा साथ
Feb 18, 2010 12:24 AM
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन गडकरी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को एक बार फिर अपने एजेंडे में टॉप पर लिया है। मगर इस बार उन्होंने इसमें मुसलमानों से सह्वदयता दिखाते हुए साथ देने का अपील की है। भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन गुरूवार को राष्ट्रीय परिषद को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि भाजपा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए कृतसंकल्प है। यह मंदिर भाजपा की आत्मा है, इसके लिए राष्ट्रीय आंदोलन भी चलाया गया था। वर्तमान में यह मामला अदालत में लंबित है लेकिन संतोषजनक हल निकलना उन्हें संभव नहीं लगता। लिहाजा मुसलमान भाई हिंदुओं की भावनाओँ का सम्मान कर सह्वदयता का परिचय दें और थो़डी सी जमीन छो़डकर मंदिर निर्माण में मदद करें। ऎसा होने से देश में नए भाईचारे का सूत्रपात होगा। इसी के साथ उन्होंने मुसलमानों को भरोसा दिलाया कि यदि वे ऎसा करते हैं तो अन्य स्थान पर उनके लिए भव्य मस्जिद बनाने में मदद की जाएगी। गडकरी ने एक बार फिर कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि उनके न तो पिता और न ही नाना-नानी देश के प्रधानमंत्री रहे हैं, वह तो महज एक कार्यकर्ता थे। और राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। बाकी पार्टियोंमें तो नेता का बेटा ही अध्यक्ष बनता है। देश में एक हजार पार्टियां है, पचास दल हैं जिनमें भाजपा सहित सिर्फ पांच दल ही ऎसे हैं जहां घरानाशाही नहीं हैं। बाकी में तो नेता का बेटा ही अध्यक्ष होता है।