सियालकोट। पाकिस्तानी क्रिकेट स्टार शोएब मलिक और भारतीय टेनिस खिल़ाडी सानिया मिर्जा के "वरलिमा" समारोह (निकाह के बाद की पवित्र वैवाहिक रस्म) में कोई भी क्रिकेट खिल़ाडी शामिल नहीं हुआ।
"शम्मा टीवी" की रिपोर्ट के मुताबिक सियालकोट के हॉकी क्लब में आयोजित इस समारोह में लगभग 1000 लोग शामिल हुए लेकिन इनमें कोई भी क्रिकेट खिल़ाडी शामिल नहीं था। इस समारोह के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। इसके लिए 20 लाख रूपये कीमत के फूलों से मंच सजाया गया था। इसका कारण यह हो सकता है कि पाकिस्तानी टीम के सभी खिल़ाडी ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए वेस्टइंडीज रवाना हो चुके हैं।
शोएब अनुशासनहीनता और खराब खेल के कारण एक वर्ष के लिए टीम से निलंबित किए गए हैं। उन पर 20 लाख रूपये का जुर्माना भी लगा है। समाचार पत्र "द न्यूज" के मुताबिक इस समारोह के लिए 50 लाख रूपये खर्च किए गए। पूरे समारोह स्थल को जहां फूलों से ढक दिया गया था वहीं लजीज व्यंजन बनाने के लिए लाहौर से विशेष खानसामों को बुलाया गया था। मेहमाननवाजी के लिए शोएब और सानिया ने कोई कसर नहीं छो़डी। पूरे समारोह स्थल को 16 प्रकार के खुशबूदार फूलों से सजाया गया था। इन्हें लाहौर के एक फार्म से मंगाया गया था। खानसामों ने मेहमानों के लिए कम से कम 20 प्रकार के देसी और कांटीनेंटल व्यंजन तैयार किए थे। इनमें पंजाब के लोकप्रिय व्यंजनों से लेकर पूरी दुनिया में मशहूर व्यंजन शामिल थे।
समारोह स्थल पर सुरक्षा के क़डे इंतजाम किए गए थे। सिर्फ आमंत्रण पत्र लेकर आने वाले लोगों को ही अंदर जाने की इजाजत दी गई। सुरक्षा इंतजामौं के कारण शोएब और सानिया के कई मेहमान उन्हें उपहार नहीं दे सके।





















