नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में 18 दिन का समय रह गया है लेकिन आयोजन समिति ने मुफ्त में बांटे जाने वाले पासों व टिकटों के वितरण को लेकर कोई फैसला नहीं किया है।
सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई-एक्ट) के अंतर्गत मांगी गई जानकारी के माध्यम से बुधवार को इस बात की जानकारी मिली। आरटीआई कार्यकर्ता सतीश चंद्र अग्रवाल ने इस संबंध में तीन सवालों के साथ जवाब के लिए आवेदन किया था। इसके जवाब में आयोजन समिति ने कहा, ""इस पर चर्चा चल रही है।"" अग्रवाल ने विभिन्न संस्थानों, प्राधिकरणों और लोगों को मुफ्त टिकटों और पासों के वितरण के लिए निर्धारित कोटे की जानकारी आयोजन समिति से मांगी थी। अग्रवाल ने यह भी जानकारी मांगी थी कि पास जारी करने का अधिकार आयोजन समिति के किस अधिकारी के पास है और खुद आयोजन समित के अध्यक्ष अपने कोटे से कितने पास वितरित कर सकते हैं। इसके जवाब में आयोजन समिति ने कहा कि उसने अब तक टिकटों की बिक्री से 100 करो़ड रूपये की आय का अनुमान रखा है।





















