नई दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के प्रमुख आर.के. भाटिया ने गुरूवार को कहा कि भारत-चीन सीमा पर कोई विद्वेषपूर्ण गतिविधि नहीं चल रही है, यह "मैत्रीपूर्ण" सीमा है। आईटीबीपी के 49वें उत्कर्ष दिवस पर यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, ""जैसा कि पाकिस्तान सीमा पर द्वंद्वपूर्ण स्थिति है, वैसी गतिविधि चीन की सीमा पर नहीं है, इसलिए इस सीमा को मैत्रीपूर्ण सीमा कहने में कोई हर्ज नहीं है।""
भाटिया ने सीमा पर किसी दखल या अतिक्रमण की जानकारी होने से भी इनकार किया। उल्लेखनीय है कि लद्दाख के काराकोरम से अरूणाचल के दिफू ला तक 3,488 किलोमीटर में फैली भारत-चीन सीमा की सुरक्षा के लिए आईटीबीपी की स्थापना अक्टूबर, 1962 में हुई थी। इस सीमा के अधिकांश कार्यालय 9,000 से 18,500 फुट की ऊंचाई पर हैं। आईटीबीपी के जवानों को पर्वतारोहण एवं बर्फ पर चलने का विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया है।





















