अमृतसर। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के नवम्बर महीने में होने वाले भारत दौरे के पहले वहां के एक विशेष सुरक्षा दल ने पंजाब के अमृतसर जिले में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस उपायुक्त के. एस. पन्नु ने बातचीत में कहा, ""ओबामा के भारत दौरे के मद्देनजर एक छह सदस्यीय अमेरिकी दल ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न पर्यटन स्थलों, महत्वपूर्ण स़डकों और सिख समुदाय के धार्मिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया।"" उन्होंने कहा, ""लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि ओबामा अमृतसर आ रहे हैं। सुरक्षा सर्वेक्षणों के बाद वे यह निर्णय करेंगे कि अमेरिकी राष्ट्रपति कहां-कहां जाएंगे। सुरक्षा दल मुंबई के लिए रवाना हो चुका है।"" इस दल में सुरक्षा संबंधी अधिकारी और भारत स्थित अमेरिकी दूतावास के अधिकारी शामिल थे। दल ने हरमिन्दर साहिब यानी स्वर्ण मंदिर का भी दौरा किया। अधिकारियों ने शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अधिकारियों से भी चर्चा की। एसजीपीसी अध्यक्ष अवतार सिंह मक्क़ड ओबामा के भारत दौरे को लेकर बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ""हम बहुत खुश हैं। स्वर्ण मंदिर में हम उनका स्वागत करने के लिए तैयार बैठे हैं।"" उन्होंने कहा, ""ओबामा यदि यहां आते हैं तो अमेरिका में रह रहे सिखों से जु़डे कई मुद्दे उनके समक्ष उठाए जाएंगे।""
भारत समाचार
अमेरिकी दल ने अमृतसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया





















