रांची। बिहार के लखीसराय जिले में नक्सलियों के हाथों मारे गए पुलिसकर्मी, लुकस टेटे का शनिवार को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अंतिम संस्कार टेटे के गृह नगर, झारखण्ड के सिमडेगा जिले में संपन्न हुआ। सिमडेगा के एक गरीब जनजातीय परिवार से संबंध रखने वाले टेटे का शव शुक्रवार को लखीसराय में सिमरताली के जंगल के पास पाया गया था। इसके एक दिन पहले नक्सलियों ने कहा था कि उन्होंने रविवार को मुठभे़ड के दौरान जिन चार पुलिसकर्मियों को अगवा किया था, उनमें से एक की हत्या कर दी गई है। टेटे के परिवार में उनकी पत्नी प्यारी और तीन बेटियां (अंजला, मंजुला और नीलम) हैं। बेटियां अभी छोटी हैं। इसके पहले टेटे का शव हेलीकॉप्टर के जरिए उनके गृहनगर, सिमडेगा में कोलेबेरा लाया गया। अंतिम संस्कार के समय वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे। नक्सलियों ने छह घंटे चली मुठभे़ड के बाद चार पुलिसकर्मियों को अगवा कर लिया था। मुठभे़ड में सात पुलिसकर्मी मारे गए थे और 10 घायल हो गए थे। नक्सलियों ने इस हमले को अपने नेता आजाद और एक पत्रकार की हत्या का बदला बताया था। नक्सली अपह्वत पुलिस कर्मियों की रिहाई के बदले बिहार की विभिन्न जेलों में बंद अपने आठ नेताओं की रिहाई की मांग कर रहे हैं।





















