नई दिल्ली। गरीबी, कुपोषण और यौन शोषण के लिए तस्करी जैसे मुद्दे अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह को परेशान करते हैं। चित्रांगदा महसूस करती हैं कि यदि भारतीय फिल्मोद्योग की आमिर खान और शाहरूख खान जैसी हस्तियां मदद करें तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
चित्रांगदा ने कहा, ""भारत में बॉलीवुड बहुत मजबूत है और यहां तक कि बाहर रहने वाले भारतीय भी बॉलीवुड के पीछे चलते हैं। इसलिए मुझे निश्चित रूप से ऎसा लगता है कि यदि आमिर या शाहरूख जैसे कलाकार किसी सामाजिक मुद्दे से जु़डते हैं तो मीडिया में उस खबर को काफी जगह मिलेगी और इससे जागरूकता पैदा होगी।"" उन्होंने कहा, ""इन दिनों मीडिया बहुत शक्तिशाली है। इसलिए मीडिया और जानी-मानी हस्तियों को साथ आना चाहिए और कुछ अलग करना चाहिए। हां यह सही है कि आखिरकार मीडिया और फिल्म भी व्यापार ही हैं लेकिन उन्हें अपना कुछ समय समाज को भी देना चाहिए। इससे समाज का भला होगा।"" यौन शोषण के लिए बच्चाों व युवाओं के अवैध व्यापार को रोकने संबंधी एक याचिका के समर्थन के लिए चित्रांगदा हाल ही में दिल्ली आई थीं। कॉस्मेटिक्स निर्माता "द बॉडी शॉप" और ईसीपीएटी ने यह याचिका दायर की थी। ईसीपीएटी बच्चाों के यौन शोषण के खिलाफ काम करने वाले संगठनों का एक नेटवर्क है। चित्रांगदा ने 2003 में फिल्मकार सुधीर मिश्रा की फिल्म "हजारों ख्वाहिशें ऎसी" से अभिनय की शुरूआत की थी। उनकी नई फिल्म "ये साली जिंदगी" की शूटिंग पूरी हो गई है और नवंबर में इसका प्रदर्शन होगा।





















