श्रीनगर। कश्मीर को लेकर केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त किए गए तीनों वार्ताकार मंगलवार को दक्षिणी कश्मीर के शोपियां पहुंचे। शोपियां में ही दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर किए गए दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद कश्मीर घाटी में ब़डे पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ था।
श्रीनगर के एक सूत्र ने बताया, ""वार्ताकार यहां पर कुछ विशिष्ट नगारिकों और युवकों से मुलाकात करेंगे।"" केंद्र सरकार द्वारा कश्मीर मसले पर नियुक्त किए गए तीन वार्ताकारों में दिलीप पडगांवकर, राधा कुमार और सूचना आयुक्त एम. एम. अंसारी शामिल हैं। पडगांवकर ने कहा है कि वर्ताकारों का दल समस्या के राजनीतिक पहलू पर ध्यान देगा और बुधवार को जम्मू एवं कश्मीर की शीतकालीन राजधानी जम्मू का भी दौरा करेगा। शोपियां में पिछले वर्ष दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर कश्मीर घाटी में कई बार ब़डे पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। उल्लेखनीय है कि इस मामले में 22 वर्षीया निलोफर जान और 18 वर्षीय आशिया जान की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। दोनों का शव पिछले साल 30 मई को बरामद किया गया था। इस मामले की जांच बाद में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई थी। सीबीआई ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि दोनों के साथ न तो दुष्कर्म किया गया था और न ही उनकी हत्या हुई थी। दोनों की मौत नाला पार करने की कोशिश में हुई। दुर्घटनावश नाले में गिरने से उनकी मौत हो गई।




















