अहमदाबाद। टाटा मोटर्स की लखटकिया कार नैनो आगामी दो जून को गुजरात के साणंद संयंत्र से बाजार के लिए रवाना हो जाएगी। पश्चिम बंगाल के सिंगुर में भूमि आवंटन को लेकर हुए विरोध के बाद गुजरात सरकार की पहल पर टाटा मोटर्स द्वारा रिकार्ड 20 महीने में नया संयंत्र यहां बनाया गया है।
टाटा समूह के एक प्रवक्ता ने कहा कि अहमदाबाद वीरमगाम राजमार्ग पर साणंद में 2000 करोड रूपए की लागत से बने इस संयंत्र का समूह के अध्यक्ष रतन टाटा और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। सिंगुर में हुए भारी विरोध के बाद टाटा समूह ने अपनी छोटी कार परियोजना को अन्यत्र स्थापित करने की घोषणा की थी।





















