लंदन। भारत की पॉल्ट्री कम्पनी-वेंकी लिमिटेड इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) क्लब ब्लैकबर्न रोवर्स का अधिग्रहण करेगी। क्लब ने अपनी वेबसाइट के माध्यम से जानकारी दी है कि अधिग्रहण का काम अगले महीने पूरा होगा।
अगर यह अधिग्रहण पूरा हो जाता है तो पुणे के वेंकटरेश्वर हचरीज ग्रुप की यह प्रमुख कम्पनी किसी ईपीएल टीम का मालिकाना हक रखने वाली पहली भारतीय कम्पनी बन जाएगी। पॉल्ट्री के अलावा दवा क्षेत्र में सक्रिय इस कम्पनी ने रोवर्स के अधिग्रहण के लिए रोवर्स प्रबंधन के साथ-साथ ईपीएल के आला अधिकारियों से कई दौर की बातचीत की है। ब्रिटेन के समाचार पत्र "द सन" में प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिग्रहण का काम पूरा होने की सूरत में वेंकी को 280 करो़ड रूपये खर्च करने हौंगे। रोवर्स क्लब के अध्यक्ष जॉन विलियम्स ने कहा कि अधिग्रहण का काम अंतिम चरण में है और दोनों पक्षों को भरोसा है कि यह काम अगले महीने पूरा कर लिया जाएगा।





















