काक्द्वीप। पश्चिम बंगाल के मुरीगंगा नदी में हुई नाव दुर्घटना में रविवार को नदी से पांच और शव निकाले गए। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 तक पहुंच गई है।
हालांकि नौसेना के गोताखोर, तटरक्षक, कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के बचावकर्मी लापता 100 लोगों की तलाशी में अपना अभियान जारी रखे हुए है। राज्य के नागरिक सुरक्षा मंत्री श्रीकुमार मुखर्जी ने कहा, ""हमारे पास पुष्ट जानकारी है कि नदी से रविवार को पांच शव और बाहर निकाले गए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 23 हो चुकी है।"" नाव में सवार सभी यात्री पूर्वी मिदनापुर जिले के हिजली शरीफ से दक्षिणी 24 परगना जिले में स्थित मुस्लिम धार्मिक स्थल के लिए जा रहे थे। घोरामोरा के नजदीक नाव शनिवार सुबह मुरीगंगा और बंगाल की ख़ाडी के मिलने वाले जगह पर पलट गई थी। हादसे में तकरीबन 51 लोग सुरक्षित बचाए गए हैं जिनमें से 32 को काकद्वीप उप खंड के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बचाए गए लोगों के मुताबिक नाव में करीब 150 से 250 लोग सवार थे। फिलहाल 100 से ज्यादा लापता हैं। मुखर्जी ने कहा, ""आधिकारिक तौर पर नदी में से 51 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है लेकिन कुछ और लोगों को मछुआरों ने बचाया है।"" मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य ने काकद्वीप में एक उच्चा स्तरीय बैठक की और तलाशी अभियान का जायजा लिया। तलाशी अभियान रविवार को फिर शुरू हुआ, जिसे शनिवार को अंधेरा होने के बाद रोक दिया गया था। घटनास्थल के पांच किलोमीटर के इलाके में हेलीकॉप्टर से पानी पर निगरानी रखी जा रही है। दक्षिणी 24 परगना जिले के जिलाधिकारी नरायाण स्वरूप निगम ने रविवार को अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान बंद होने से पहले आईएएनएस से बताया, ""उस इलाके में पानी ब़डी तेजी से हिलोरे ले रहा है इससे गोताखोरों को काम करने में दिक्कतें आ रही हैं।"" उन्होंने कहा, ""तटरक्षक, कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट और राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन दल तलाशी अभियान में लगे हुए हैं।"" तलाशी अभियान को अंजाम देने के लिए नौ सेना के पूर्वी कमान विशाखापट्टनम से आए पांच गोताखोरोंं की मदद ली जा रही है। केंद्रीय जहाजरानी राज्य मंत्री मुकुल रॉय ने भी घटना स्थल का दौरा किया और कहा कि उनके विभाग के विशेष जहाज सेवा मुहैया करा सकते हैं। उन्होंने हालांकि आरोप लगाया कि त्रासदी से निपटने में राज्य सरकार पर्याप्त आपदा प्रबंधन व्यवस्था बहाल करने में असफल रही है।
भारत समाचार
नाव दुर्घटना में अब तक 23 मरे, 100 लापता





















