मुंबई, 10 सितंबर। 29 अगस्त को खत्म हुए सप्ताह में मंहगाई दर में मामूली बढत देखने को मिली है। हालांकि अभी यह शून्य से नीचे ही है। इस दौरान थोक मूल्य सूचकांक (डब्लूपीआई) पर आघारित महंगाई दर बढकर -0.12 फीसदी पर पहुंच गई, जो 22 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह में -0.21 फीसदी थी। होलसेल प्राइस इंडेक्स लगातार 13वें सप्ताह नेगेटिव जोन में है पहली बार महंगाई दर 6 जून को नेगेटिव जोन में पहुंची थी। 1 साल पहले इस दौरान महंगाई दर 12.38 प्रतिशत थी। आलोच्य सप्ताह के दौरान फल, सब्जियों और दूघ के दाम में 1 प्रतिशत की तेजी रही, जबकि अंडों के दाम 4 प्रतिशत तक चढ गए। हाउसहोल्ड आइटम की बात करें तो कपडे घोने वाले साबुन की कीमतों में 35 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली, जबकि डिटरजेंट में 17 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा टॉयलेट सोप और टूथपेस्ट 6 प्रतिशत महंगा हुआ। जानकारों के अनुसार इस साल सितंबर-अक्टूबर तक महंगाई दर निगेटिव बने रहने की संभावना है, लेकिन खराब मानसून के कारण पैदावार पर पडने वाले असर के कारण खाने-पीने की चीजों के दामों में इजाफा रहेगा। जिस वजह से अगले साल मार्च तक महंगाई दर 7 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। हालांकि, रिजर्व बैंक ने लंबी अवघि में महंगाई दर का अनुमान 5 प्रतिशत रखा है।