श्रीनगर, 11 सितंबर। अलगाववादी संगठन हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी धडे के नेता सैयद अली गिलानी को गुरूवार देर सायं उनके घर में नजरबंद कर दिया गया। वह महज एक दिन पहले ही रिहा हुए थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गिलानी को एहतियात के तौर पर श्रीनगर में उनके घर में नजरबंद किया गया है। गिलानी को तीन महीने से चश्मशाही इलाके में अत्यधिक सुरक्षा वाली एक टूरिस्ट हट में रखा गया था, वहां से उन्हें बुधवार शाम ही रिहा किया गया था। रिहा होने के बाद गिलानी ने अपने निवास पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और उनके समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। गिलानी ने घोषणा की कि वह राज्य में सेना को भूमि आवंटन के विरोध में ईद के बाद आंदोलन चलाएंगे। इसके बाद स्थानीय पुलिस के एक दल ने गुरूवार सायं हैदरपोरा स्थित गिलानी के आवास को घेर लिया। इससे पहले गिलानी को गत जून में शोपियां मामले में आंदोलन चलाने पर गिरफ्तार किया गया था।