न्यूयॉर्क, 13 सितंबर। तीसरी वरीयता प्राप्त स्पेन के राफेल नडाल ने यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के बारिश से प्रभावित क्वार्टरफाइनल मैच में चिली के फर्नाडो गोंजालेज को 7-6, 7-6, 6-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। आर्थर ऎश स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाडी नडाल गुरूवार को 7-6 से आगे थे और टाईब्रैक में गोंजालेज 2-3 के स्कोर पर सर्विस कर रहे थे कि तभी बारिश ने दूसरी बार फ्लशिंग मीडोज पर दस्तक दी। इस कारण खेल पूरा नही हो सका और बाकी मैच शुक्रवार को भी नही खेला जा सका। शनिवार को फिर शुरू हुए मैच में नडाल ने गोंजालेज को कोई मौका नही दिया और महज 34 मिनटों में ही जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही नडाल ने ब्रिटेन के एंडी मरे से दुनिया के नंबर दो खिलाडी का ताज छीन लिया। सेमीफाइनल में नडाल का मुकाबला अर्जेटीना केजुआन मार्टिन डेल पोट्रो से होगा।