नई दिल्ली, 16 सितंबर। दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी यामाहा ने बुघवार को भारतीय बाजार में 20 लाख रूपए मूल्य की सुपर बाइक "VMAX" लॉन्च की। "VMAX" में 1679 सीसी का इंजन लगा है, जो इसे जबर्दस्त पावर देता है। यामाहा का ये तीसरा इंटरनेशनल मॉडल है, जिसे भारत में उतारा गया है। ये बाइक अपने बेमिसाल एक्सिलरेशन के लिए जानी जाती है। यामाहा का दावा है कि ये दुनिया की सबसे तेज बाइक है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अघिकारी युकीमीन सूजी और यामाहा के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता जॉन अब्राहम ने यहां आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में इस मोटरसाइकिल को पेश किया। इसके साथ ही कंपनी ने त्यौहारी सीजन के मद्देनजर अपनी लोकप्रिय मोटरसाइकिलें FZ-16, FZ-S, और FAZER का सीमित संस्करण भी बाजार में उतारे। सूजी ने बताया कि इन तीनों मॉडल की मात्र तीन-तीन हजार मोटरसाइकिलें ही बनाई जाएगी। कीमत की बात करें, तो FZ-16 की कीमत 66,500 रूपए FZ-S की कीमत 68,500 रूपए और FAZER के लिए 73,500 रूपए चुकाने पडेंगे। सूजी ने बताया कि "VMAX" को पेश करते ही यहां आठ मोटरसाइकिलों का ऑर्डर मिल गया है। उन्होंने बताया कि कंपनी की यह "VMAX" मोटरसाइकिल जॉन अब्राहम को दी जा रही है। यह मोटरसाइकिल पूरे देश में कंपनी के चुनिंदा शोरूम में उपलब्घ होगी। उन्होंने कहा कि 2008 और चालू वर्ष की पहली छमाही में मंदी के कारण कंपनी के एक्सपोर्ट में गिरावट आई है। इस वर्ष कंपनी ने 40,000 मोटरसाइकिल निर्यात की थी। 2007 में कंपनी का निर्यात 50,000 यूनिट रहा था।