श्रीनगर, 28 सितंबर। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को हुई एक मुठभे़ड में सुरक्षा बलों ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैय्यबा के तीन सदस्यों को मार गिराया। इस मुठभे़ड में एक महिला की भी मौत हो गई। मारे गये सदस्यों में से दो पाकिस्तान के निवासी थे। इस मुठभे़ड में सुरक्षा बलों के चार जवान भी घायल हुए, लेकिन वे खतरे से बाहर है। मुठभे़ड अमलार-त्राल में सुबह उस वक्त हुई जब गांव में छिपे आतंकियों ने पुलिस व सीआरपीएफ के एक संयुक्त तलाशी दल पर गोलीबारी की। पुलिस के अनुसार आतंकी जिस घर में छुपे हुए थे, गोलाबारी में उस घर की मालकिन की भी मौत हो गई। पुलिस महानिरीक्षक फारूक अहमद के अनुसार ये आतंकवादी फिदायीन हमले के मकसद से दक्षिणी कश्मीर में घुसे थे। मुठभे़ड में मारे गये पाकिस्तानी सदस्यों की पहचान जाहिद उर्फ अबू शाहिद व अबू दुजाना के तौर पर हुई है। तीसरा आतंकी स्थानीय निवासी है, जिसकी पहचान मेहराजुदीन उर्फ कुआ के रूप में की गई है। इसे "छोटा-आर" के नाम से भी जाना जाता था। इन आतंकियों के पास से तीन एके-47 राइफले बरामद की गई है।