भारत समाचार
जांच एजेंसियां ही कर सकती है राहुल पर टिप्पणी : महेश भट्ट

राहुल से एफबीआई की पूछताछ संबंधी खबरों के बारे में महेश ने कहा कि मुझे नहीं लगता उसके साथ पूछताछ हुई है। गौरतलब है कि संदिग्ध आतंकी डेविड हेडली के साथ अपने पुत्र राहुल की जान पहचान होने के बारे में स्पष्टीकरण देते हुए फिल्मकार महेश भट्ट ने शुक्रवार को कहा कि उनके परिवार ने ही दोनों के बीच संपर्क होने की बात पुलिस को बताने का निर्णय किया था। भट्ट ने कहा कि उनकी पहली पत्नी, जो अलग रहती हैं, ने 15-20 दिन पहले उन्हें फोन कर यह जानकारी दी थीं कि फिटनेस विशेषज्ञ राहुल अमेरिकी नागरिक हेडली को जानता था। दोनों की जान पहचान एक परिचित के माध्यम से हुई थीं।
फिल्मकार ने कहा, राहुल ने जब टीवी चैनलों पर उस आदमी की फोटो देखी तो वह स्तब्ध हो गया क्योंकि यह आदमी एक आतंकवादी नेटवर्क का अंग था। परिवार ने निर्णय किया राहुल को खुद यह सूचना पुलिस को देनी चाहिए क्योकि मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुडा हैं। भट्ट ने कहा, उन्होंने स्वयं मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त राकेश मारिया को सूचित किया कि उनके पुत्र के पास कुछ संवेदनशील सूचनाएं हैं जो वह पुलिस के साथ बांटना चाहता हैं। राहुल को तुरंत समय मिल गया और उसने पुलिस के साथ सूचनाएं बाटी।




















